गणित का लक्ष्य

गणित-का-लक्ष्य-img

लेकिन इसका क्या मतलब है???” यह सवाल कई गणित शिक्षक सुनते हैं, जब वे अपने विद्यार्थियों को उन अवधारणाओं और एल्गोरिद्म की ‘उपयोगिता’ के बारे में समझाने के लिए संघर्ष करते हैं जिन्हें वे विद्यार्थी सीख रहे हैं। मनुष्य की हर गतिविधि में गणित की सर्वव्यापकता, इस प्रश्न का उत्तर देना आसान और कठिन दोनों बनाती है। आसान इसलिए, क्योंकि यह बहुत स्पष्ट है और कठिन इसलिए क्योंकि इसे संक्षेप में व्यक्त नहीं किया जा सकता है। उदाहरण के लिए इस छवि को लें : हम इस खेल में आकृतियाँ, कोण, संख्याएँ, माप, डेटा, पैटर्न, इतिहास और संस्कृति को आपस में जडु़ा हुआ देखते हैं। फिर भी जब हम इस खेल में खद को बेहतर बनाने का प्रयास करते हैं तो गणित के प्रति कितने सचेत होते हैं?

सम्पादक की ओर से...

एट राइट एंगल्स, पेशेवर शिक्षकों और शिक्षक-प्रशिक्षकों को अच्छी गुणवत्ता वाले शिक्षण संसाधन प्रदान करने के अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन के प्रयास का हिस्सा है। हमारा उद्देश्य शिक्षा, शिक्षणशास्त्र और ज़मीनी अनुभवों पर चल रहे वर्तमान विमर्श और नज़रियों पर स्कूली शिक्षकों, पेशेवरों और शिक्षाविदों के बीच संवाद को बढ़ावा देना है। हम चाहते हैं कि शिक्षकों की क्षमता निर्माण हो और सीखने-सिखाने की अधिक अनुभव आधारित और सार्थक प्रक्रियाओं में मदद मिले। मक़सद और जुनून के साथ शिक्षण का जश्न मनाने के लिए, एट राइट एंगल्स भारत और जिस समाज में हम रहते हैं उसके यथार्थ में रची-बसी अनुभवात्मक और व्यावहारिक समझ को उभारता है।

जैसा कि नवम्बर 2023 के सम्पादकीय में थोड़े विस्तार से बताया गया था, एट राइट एंगल्स का मार्च 2024 का अंक पिछले अंकों से काफ़ी अलग है। इसलिए, यहाँ पर सभी पिछले अंकों के लिए प्रधान सम्पादक के रूप में सक्रिय नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए शैलेश शिराली को धन्यवाद देना लाज़मी है। पत्रिका आज आपके सामने जिस रूप में है, उसे बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्पादकीय समिति के सदस्यों तथा के. सुब्रमण्यम, पृथ्वीजीत डे, शशिधर जगदीशन, ए. रामचन्द्रन और जोनाकी घोष को भी हमारा धन्यवाद। जब भी सम्भव होगा हम आगे भी उनसे सुझाव और सहयोग लेते रहेंगे।

हमारे मुख्य पाठक सार्वजनिक शिक्षा तंत्र में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक हैं। इसलिए इस अंक की और इसके बाद के अंकों की सामग्री उनके और ज़मीनी स्रोत व्यक्तियों के लिए सीधे प्रासंगिक होगी; ये स्रोत व्यक्ति शिक्षकों के साथ काम करके उन्हें बेहतर ढंग से पढ़ाने में मदद करते हैं ताकि उनके विद्यार्थी बेहतर ढंग से सीख सकें। इसे ध्यान में रखते हुए, हमने कुछ सूत्र एनसीएफ़ 2023 के गणित खण्ड से भी लिए हैं।

तो, इस अंक का हमारा विशेष खण्ड सन्दीप दिवाकर द्वारा इस पर बात करते हुए शुरू होता है कि कक्षा-1 और कक्षा-2 के लिए गणित की नई पाठ्यपुस्तकों में क्‍या नया है। हृदय कान्त दीवान अपने आलेख गणित में सन्‍दर्भगत सवाल में इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि शिक्षक और स्कूली परिवेश के स्थानीय सन्दर्भ में शिक्षणशास्त्रीय, सामग्री और प्रक्रिया सम्बन्धी चुनौतियों को कैसे सम्बोधित किया जाए। रीमा कौर का आलेख गणितीय शब्दावली कौन पढ़ाता है? विषयों को अलग-अलग करने वाली अदृश्य रेखाओं की पड़ताल करता है।

कक्षा में खण्ड गुणा और भाग की अवधारणाओं पर केन्द्रित है। अर्द्धेन्दु दाश भाग एल्गोरिदम के शिक्षकीय दृष्टिकोण पर अपने विचार साझा कर रहे हैं और जितेन्द्र वर्मा ने किसी संख्या की 7 से विभाज्यता को जाँचने के तीन तरीक़ों का वर्णन और व्याख्या की है। स्वाती सरकार दो संख्याओं के गुणनफल को इष्‍टतम बनाने पर एक खेल के बारे में बता रही हैं साथ ही उन्होंने बहु-अंकीय विभाजक द्वारा विभाजन सिखाने के फ़ायदे भी बताए हैं। इन सभी लेखों में मानसिक चित्रण, अनुमान, विवेक बुद्धि और तर्क के प्रक्रिया कौशलों पर ज़ोर दिया गया है।

कक्षा में खण्ड के समाप्त होने के बाद समीक्षा खण्ड शुरू होता है जिसमें एफ़एलयू — फ़्लैट्स, लॉन्ग और यूनिट्स या मूल बेस 10 नम्बर ब्लॉक की समीक्षा की गई है।

हमारे नए खण्ड गणित का मज़ा में, हम मोहन आर. के दो लेखों — भाला फेंक, और अनुमानफ़र्मी अनुमान समस्याएँ के साथ इस विषय का आनन्द लेंगे। गणित अनदेखे तरीक़ों से किस तरह काम करता है? और किसी समस्या को कितने तरीक़ों से हल किया जा सकता है — जानने के लिए मुर्गियों और ख़रगोशों के बारे में कहानी पढ़ें!

हम हमेशा की तरह अंक का समापन पुलआउट के साथ कर रहे हैं जहाँ हम जानेंगे कि गुणन में महारत की जाँच कैसे करें? पद्मप्रिया शिराली कई तरीक़ों के बारे में बता रही हैं — वे सभी तरीक़े उच्च-स्तर का सोच कौशल विकसित करते हुए कवायद और अभ्यास करवाते हैं लेकिन उनमें से कोई भी थकाने वाला या तनावपूर्ण नहीं है।

जैसे ही हम इस नए अवतार में ढलेंगे, हम आशा करते हैं कि हम आपके लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग पर और अधिक लेख, आपकी कक्षाओं के लिए वर्कशीट के साथ कुछ टियरआउट्स और एक सम्पूर्ण प्रॉब्लम कॉर्नर भी लेकर लाएँगे। अभी के लिए, फ़िलर्स में सवालों का मज़ा लें और अपने हल AtRightAngles.editor@apu.edu.in पर भेजने में न हिचकिचाएँ।

स्नेहा टाइटस
प्रधान सम्पादक, एट राइट एंगल्स

हैंडबुक्‍स