हम नए एट राइट एंगल्स के दूसरे अंक के साथ फिर से आपके सामने हैं। इसमें हम प्राथमिक विद्यालय स्तर पर गणित शिक्षण से जुड़े शैक्षणिक मुद्दों से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं। अपने अनुभव और सीख साझा करने वाले सभी लेखकों के साथ-साथ सराहना तथा मूल्यवान समालोचना करने वाले हमारे पाठकों का हम बहुत-बहुत धन्यवाद अदा करते हैं।
जुलाई 2024 अंक के विशेष खण्ड में, हमने रीमा कौर और मनीषा गोयल के साथ बहु-विषयक दृष्टिकोण की पड़ताल जारी रखी है। साझा पठन के प्रयोग कक्षा में एक मज़बूत साधन साबित हुए हैं। यहाँ, वे बच्चों के सन्दर्भ से डेटा सम्हालने के विचार को समझने के लिए एक बड़ी पुस्तक (Big Book) बनाने के विचार को टटोलती हैं। और ऐसी तलाश के बारे में बात करने से बेहतर क्या हो सकता है? प्राची एम. इसी खण्ड में गणितीय संवाद के लिए एक मज़बूत तर्क प्रस्तुत करती हैं।
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा अरुणी जोसेफ कक्षा में खण्ड में फ़ील्ड इंटर्नशिप के दौरान कोणों की अवधारणा पढ़ाने के अपने अनुभवों के साथ शुरुआत करती हैं। जेम्स मेट्ज़ और ब्रैड युवी क्यों 6? में बीजगणित और ज्यामिति के बीच के अन्तर्सम्बन्धों की पड़ताल करते हैं — यह एक ऐसा प्रश्न है जो एक बीजगणितीय सर्वसमिकाओं का पता लगाने के लिए इंटरलॉकिंग क्यूब्स के साथ व्यावहारिक गतिविधियों का उपयोग करता है। गुणन के लिए बेहतर कलन विधि और बीजगणितीय टाइलों पर विचार के लिए मैथ स्पेस के लेख में भी दृश्य-संकल्पना का सहारा लिया गया है।
गणित का मज़ा खण्ड में अनुमान लगाने (Guesstimation) सम्बन्धी लेख को कक्षा गतिविधियों के साथ जारी रखा गया है ताकि इस कौशल का अभ्यास किया जा सके — मुझे पूरा यक़ीन है कि ये गतिविधियाँ घर पर और खेल के दौरान विद्यार्थियों की बातचीत को प्रभावित करेंगी! और अपना विशेष वर्ष खोजें – कि आपके जन्म वर्ष के अन्तिम दो अंक कब आपकी उम्र होंगे? मेरा विशेष वर्ष जल्द ही आने वाला है — लेकिन यह 2025 में क्यों नहीं हो सकता? जानने के लिए आगे पढ़ें।
इस बार हमारा आवरण पतंगों का परिवार (Kite Families) पर आधारित टियरआउट से प्रेरित है। हम शिक्षकों से अनुरोध करते हैं कि यह सुन्दर पोस्टर अपनी कक्षा में लगाएँ और उसमें दिए गए प्रश्नों का उपयोग करके विद्यार्थियों को चतुर्भुजों की ज़ादुई सैर कराएँ। वे विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए अन्य प्रश्न भी शामिल कर सकते हैं। मैथ स्पेस ने चर्चाओं को गणितीय गहनता के आधार पर बनाए रखने के लिए कुछ दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं – यानी आपका सीट बेल्ट बाँध दिया गया है!
पद्मप्रिया शिराली के पुलआउट की हमेशा से माँग रही है। इस बार उन्होंने तापमान से सम्बन्धित गतिविधियों पर अन्वेषण करके माहौल को गर्मा दिया है। यह चर्चा जलवायु परिवर्तन, टिकाऊ विकास और संसाधनों के संरक्षण तक जा सकती है। लेकिन हम समापन एक हस्तकला गतिविधि एक तापमान रज़ाई (Temperature Quilt) बनाने से कर रहे हैं। एक बहु-विषयक दृष्टिकोण के लिए एक शिक्षक को और क्या चाहिए!
हमें यह बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि उच्च कक्षा स्तर के लेख अब पत्रिका में वापस आ गए हैं, जो एट राइट एंगल्स के ऑनलाइन संस्करण में उपलब्ध हैं। विषय सूची पृष्ठ पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके छात्र अनीश कुमार के फर्स्ट साइन टेबल के वृतान्त को पढ़ें जो डॉ. विजय सिंह के सहयोग से लिखा गया है। और सोने में सुहागे के तौर पर एक तकनीकी जाँच, विषाक्त नमूने को देखिए। कुमार गन्धर्व मिश्रा आपको सिखाते हैं कि एक्सेल शीट का उपयोग करके एक प्रयोगशाला जाँच की अनुकृति (simulation) कैसे बनाई जाए। सबसे अच्छी बात यह है कि जाँच की योजना आपके कम्प्यूटेशनल कौशल को विकसित करती है।
अपने काम में एट राइट एंगल्स का उपयोग करने वालों से जुड़े रहने के लिए, हमने एक प्रश्नावली तैयार की है। हम अपने पाठकों से अनुरोध करते हैं कि वे सर्वेक्षण लिंक को प्राप्त करने के लिए AtRightAngles.editor@apu.edu.in पर मेल करें। ख़ुशी-ख़ुशी पढ़ें! और सम्पर्क में रहें।
स्नेहा टाइटस
सम्पादक, एट राइट एंगल्स
हम ऐसे लेखों का स्वागत करते हैं जो गणित के सीखने के अनुभव को बढ़ाते हैं, विशेषकर 6-14 वर्ष की आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए।
सबमिट